महाराज चरन सिंह चैरिटेबल अस्पताल, सिकंदरपुर, हरियाणा – राधास्वामी सत्संग ब्यास अस्पताल

महाराज चरन सिंह चैरिटेबल अस्पताल, सिकंदरपुर, हरियाणा

महाराज चरन सिंह चैरिटेबल अस्पताल, सिकंदरपुर

महाराज चरन सिंह चैरिटेबल अस्पताल हरियाणा में सिरसा ज़िले के सिकंदरपुर इलाक़े में 19 एकड़ पर बना 50 बेड वाला अस्पताल है। यह अस्पताल सिरसा से 6 कि.मी. पूर्व में दिल्ली-हिसार-सिरसा सड़क पर है। यहाँ ओ.पी.डी. सेवाएँ 1993 में शुरू की गई थीं। इसके एक साल बाद मरीज़ों को अस्पताल में भर्ती की सुविधा भी शुरू हो गई थी।

यह अस्पताल हरियाणा और पंजाब की सीमा से लगे इलाक़े जैसे सिरसा, फतेहाबाद और मानसा के आसपास के 92 गाँवों के 280,000 लोगों को सेवाएँ प्रदान करता है। प्राथमिक चिकित्सा हर एक के लिए उपलब्ध है, चाहे कोई कितनी भी दूरी से क्यों न आया हो।

अस्पताल में भिन्न-भिन्न क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉक्टर, स्टाफ़ नर्स और तकनीकी स्टाफ़ की एक समर्पित मेडीकल टीम है। चिकित्सा सेवाएँ मुख्य चिकित्सा अधिकारी की देखरेख में की जाती हैं। इस मेडिकल यूनिट के लिए प्रशासन और सहायक कर्मियों की एक टीम है जो पूरे निष्ठा भाव से सेवा करती है।

उपलब्ध सेवाएँ
साल में 75,000 से ज़्यादा ओ.पी.डी. मरीज़ और 5000 अस्पताल में भर्ती मरीज़ों का इलाज किया जाता है। बेसिक सपोर्ट सुविधाएँ जैसे लेबोरेटरी, एक्स-रे, ई.सी.जी. के अलावा दवाईयाँ और भोजन नि:शुल्क दिया जाता है। ज़रूरत पड़ने पर मरीज़ों को अधिक विशिष्ट इलाज के लिए बाहर उपयुक्त अस्पतालों में भेजा जाता है।

ओ.पी.डी. रेजिस्ट्रेशन, सिकंदरपुर
ओ.पी.डी. वेटिंग रूम, सिकंदरपुर

सहायक सेवाएँ
बुनियादी सुविधाओं से युक्त एक एम्बुलेंस मरीज़ों को रेफरल अस्पताल ले जाने के लिए उपलब्ध रहती है। अस्पताल में बिजली की ज़रूरत को पूरा करने के लिए 2 जनरेटर हैं। यहाँ की रसोई में अस्पताल में भर्ती मरीज़ों के लिए उनकी ज़रूरत के मुताबिक़ भोजन तैयार किया जाता है। बैकअप इंजीनियरिंग सेवाएँ भी अस्पताल में उपलब्ध हैं।

चिकित्सा और शल्य चिकित्सा सेवाएँ
डॉक्टर ओ.पी.डी. और अस्पताल में भर्ती, दोनों तरह के मरीज़ों को सेवाएँ प्रदान करते हैं। अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा 24 घंटे उपलब्ध रहती है।

अस्पताल में एक नेत्र चिकित्सा यूनिट है जहाँ आँखों का ऑपरेशन किया जाता है। हड्डियों के विशेषज्ञ समय-समय पर अस्पताल के दौरे पर आते हैं। अन्य शल्य चिकित्सा की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए ब्यास अस्पताल से एक जनरल शल्य चिकित्सक और ऐनेस्थीटिस्ट्‌ सिकंदरपुर जाते हैं।

अस्पताल में उपकरणों और यंत्रों से लैस 2 वातानुकूलित ऑपरेशन थियेटर हैं जो कीटाणुशोधन, संक्रमण की रोकथाम और स्टाफ सुविधा के मापदंडों के अनुसार है।

आँखों का ऑपरेशन, सिकंदरपुर
सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज़ डिपार्टमेंट (CSSD), सिकंदरपुर

अन्य सेवाएँ
दंत विभाग: ओ.पी.डी. में आए मरीज़ों के दाँतों का इलाज किया जाता है और ज़रूरत पड़ने पर डॉक्टर छोटा ऑपरेशन भी करते हैं।

फ़ार्मेसी: ब्यास अस्पताल सिकंदरपुर की फ़ार्मेसी को दवाईयाँ भेजता है। ओ.पी.डी. डिस्पेंसरी मरीज़ों को नि:शुल्क दवाईयाँ देती है।

फ़िज़िओथेरॅपी: एक कुशल फ़िज़िओथेरॅपिस्ट साल में 6,700 मरीज़ों का इलाज करता है।

लेबोरेटरी: लेबोरेटरी में हेमैटॉलॉजि, माइक्रोबॉयोलॉजी, पैरॅसिटॉलॉजी, सीरॅलॉजी और बायोकेमिस्ट्री के टेस्ट होते हैं।

दंत रोग विभाग, सिकंदरपुर
ओ.पी.डी. फ़ार्मेसी, सिकंदरपुर

पैथोलॉजी लेबोरेटरी, सिकंदरपुर
नेत्र जाँच, सिकंदरपुर